पीलीभीत। सीनियर ऑल इंडिया आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में पीएनबी नई दिल्ली ने बरेली स्टेडियम की टीम को 5-2 से शिकस्त देकर ट्राफी पर कब्जा कर लिया। समापन पर विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया गया।
शहर के गांधी स्टेडियम में चल रही हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मैच पीएनबी नई दिल्ली और बरेली स्टेडियम की टीम के बीच खेला गया। मैच के दौरान अच्छे खेल का प्रदर्शन करते हुए नई दिल्ली के खिलाड़ियों ने बरेली स्टेडियम की टीम को 5-2 से परास्त कर फाइनल मैच जीत लिया। नई दिल्ली की ओर से कुलदीप, सुमितपाल, लवप्रीत और रमनदीप ने गोल किए, जबकि बरेली की ओर से अमन और तौफीक ने गोल किए। इससे पूर्व एडीएम अजयकांत सैनी ने खिलाड़ियों ने परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। समापन पर एडीएम सैनी, डॉ. शैलेंद्र गंगवार, डॉ. उपेंद्र नाथ मिश्र ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्राफी देकर सम्मानित किया। आयोजन समिति के सचिव आबिद अली ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप चौहान, शमीम अहमद, खुर्शीद अहमद, महेश आजाद, दिनेश भारती, फिरोज खान, अविनाश श्रीवास्तव, अमिताभ गौतम, मोहम्मद सलीम, सुमितपाल, मनीष कुमार, हरिशंकर, विजय किशोर, अमजद अली, अरविंद देवल, वाहिद अली, उस्मान अली, जयप्रकाश, वली हुसैन, बृजेश भारती, मुनव्वर खां, अयूब मियां आदि मौजूद रहे।