बरेली हाइवे पर कार में मिले 70 लाख
बरेली हाइवे पर शाही पुलिस चौकी के पास प्रशासन के उड़न दस्ते ने चेकिंग के दौरान इंडिगो कार से 70 लाख रुपये पकड़े गए। सूचना मिलने पर सीओ सदर, इनकम टैक्स टीम मौके पर पहुंची। छानबीन के बाद कैश पंजाब एंड सिंध बैंक का निकलने पर छोड़ दिया गया। आदर्श आचार संहिता लगने के बाद से शुरू हुई प्रशासनिक उड़न दस्ते की कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी रही। बरेली हाइवे पर शाही पुलिस चौकी के पास तहसीलदार अमरिया मोहम्मद असलम के नेतृत्व में टीम चार पहिया वाहनों की चेकिंग में जुट गई। इस बीच बरेली की ओर से आ रही इंडिगो कार को पुलिस ने रोका। चेक करने पर कार से एक बाक्स में 30 लाख व दूसरे में 40 लाख रुपये मिले। कार सवार ने खुद को पंजाब एंड सिंध बैंक के चेस्ट का कर्मचारी निमेश गुप्ता बताया। इसके अलावा एक चालक व दो गार्ड भी थे। यह भी कहा कि रुपया बरेली से लाकर पीलीभीत व महुआबुंदे ब्रांच में पहुंचाने के लिए ले जा रहे है। इसकी सूचना मिलने पर सीओ सदर निशांक शर्मा, इनकम टैक्स के अभिषेक कुमार मौके पर पहुंच गए। कागजात चेक करने के बाद रुपया बैंक का निकला। सीओ सदर निशांक शर्मा ने बताया कि रुपया बैंक का है। इनकम टैक्स ने भी कार्रवाई के बाद उसको छोड़ दिया है।
पूरनपुर। नायब तहसीलदार सदानंद सरोज के नेतृत्व में फ्लाइंग स्क्वायड ने आसाम हाइवे पर पीलीभीत की ओर से आ रही इंडिका कार में 44 लाख रुपये पकड़ लिया। जांच आईटी टीम को सौंपी गई है।
नायब तहसीलदार सदानंद सरोज के नेतृत्व में आसाम हाइवे पर खमरिया तिराहे के समीप फ्लाइंग स्क्वायड टीम जांच के लिए लगी थी। टीम इंचार्ज सदानंद सरोज ने बताया कि पीलीभीत की ओर से आ रही इंडिका कार की तलाशी में कैश पाया गया। पूछताछ पर कार सवार लोगों ने अपने को बैंक ऑफ बड़ौदा का कर्मी बताते हुए गाड़ी में एक करोड़ तीन लाख रुपये होने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि कुछ रुपये उन लोगों ने पीलीभीत में एटीएम मशीनों में डाला है। शेष धनराशि 44 लाख रुपये कार में होना बताया गया। सुरक्षा की दृष्टि से रुपयों की गिनती मौके पर न कराकर जिला मुख्यालय ले जाया गया। जिला मुख्यालय पर मामले को डीएम के सामने पेश किया गया। जांच ट्रेजरी अफसर और सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपी गई है।