बीसलपुर तहसील सभागार में अभ्यर्थियों से बात करते डीएम । संवाद
पीलीभीत। पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए काफी संख्या में अभ्यर्थियों ने मंगलवार को जुलूस निकाला। राज्यमंत्री के न मिलने पर कलक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। परीक्षा को निरस्त कराए जाने की मांग को लेकर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन भी सौंपा।
मंगलवार को काफी संख्या में अभ्यर्थी और उनके साथी राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के कार्यालय पहुंचे, लेकिन वह नहीं मिले। इसके बाद यहां से सभी नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां पर धरना देकर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट विजय कुमार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया।
-
राज्यमंत्री के कार्यालय में बेहोश हुई युवती
राज्यमंत्री के कार्यालय पर जब लोग नारेबाजी कर रहे थे, इसी दौरान दीप्ति गंगवार बेहोश होकर गिर पड़ीं। दीप्ति को उठाकर पानी पिलाया गया। जिससे उन्हें राहत मिली। इस दौरान दो युवकों ने भावुक होकर कहा कि यदि परीक्षा रद्द नहीं होती है तो वे आत्महत्या कर लेंगे।
बीसलपुर में डीएम को सौंपा ज्ञापन
बीसलपुर। काफी संख्या में अभ्यर्थी मोहल्ला पटेलनगर में एकत्र हुए और उसके बाद जुलूस के रूप में तहसील कार्यालय पहुंचे। समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन दिया। ज्ञापन में पुलिस भर्ती परीक्षा में धांधलेबाजी का आरोप लगाते हुए दोबारा परीक्षा कराए जाने संबंधी ज्ञापन सौंपा। इससे पहले तहसील परिसर में प्रवेश करने से रोकने पर अभ्यर्थियों और पुलिस कर्मियों में नोकझोंंक भी हुई। उपजिलाधिकारी महीपाल सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी विशाल चौधरी के काफी समझाने पर वे शांत हुए। संवाद
बीसलपुर तहसील सभागार में अभ्यर्थियों से बात करते डीएम । संवाद