पीलीभीत। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को उपलब्ध कराए गए टैबलेट के उपयोग में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए फरवरी माह में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि 2022-23 में परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को टैबलेट वितरित किए गए थे। टैबलेट वितरण के बाद शिक्षकों द्वारा विभिन्न तकनीकी समस्याएं और शिकायतें (ग्रीवेंस) दर्ज कराई जा रही हैं। इन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए एम/एस एमआईआरसी इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के माध्यम से फरवरी 2026 में जिला स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में टैबलेट से संबंधित सभी प्रकार की तकनीकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
बीएसए रोशनी सिंह ने बताया कि इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विकासखंडों में शिक्षकों को शिविर की तिथि, समय और स्थान की जानकारी समय से उपलब्ध कराएं, ताकि अधिक से अधिक शिक्षक लाभ उठा सकें। शिक्षकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया जाए, इससे टैबलेट का शैक्षणिक उपयोग सुचारु रूप से हो सके। संवाद