बीसलपुर। बिजली निगम की टीम ने तहसील क्षेत्र में जांच और बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटने का अभियान शुरू किया है। 10 हजार या इससे अधिक की बकायेदारी वाले बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा रहे हैं।
बिजली निगम के अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि यह अभियान विद्युत उपखंड अधिकारियों और अवर अभियंताओं की देखरेख में बीसलपुर नगर, बीसलपुर ग्रामीण, बरखेड़ा, बिलसंडा, दियोरिया और करेली आदि क्षेत्र में चल रहा है। अभियान 31 मार्च तक चलेगा।
यह भी बताया कि बिजली बिल जमा न करने पर 10 हजार या इससे अधिक धनराशि वाले बकायेदारों के कनेक्शन काटे जाएंगे। कनेक्शन काटे जाने की प्रक्रिया से बचने के लिए वे लोग अति शीघ्र बिजली बिल जमा कर दें। बताया कि पूरे तहसील क्षेत्र में 5.28 करोड़ रुपये बकाया जमा करने का लक्ष्य मिला है, अब तक 2.15 करोड़ रुपये ही जमा हो पाए हैं। यह वसूली काफी कम है।