पीलीभीत। जीएसटी दरों में बदलाव से वर्ष 2025 में कार और दोपहिया वाहनों के कारोबार को खूब फायदा हुआ। व्यावसायिक वाहनों की खरीद भी खूब हुई। बीते वर्ष जिले के लोगों ने करीब 29,700 वाहन खरीदे। यह आंकड़ा वर्ष 2024 की तुलना में करीब 15 प्रतिशत अधिक है। वाहनों की बिक्री से कारोबारी और खरीद में मिली छूट से खरीदार दोनों ही खुश हैं। इस साल भी वाहन बाजार को बेहतरी की उम्मीद है। नए वर्ष के पहले दिन 250 से अधिक वाहन खरीदे गए। इनमें अधिकतर 2025 मॉडल के थे।
बीता साल वाहन व्यापारियों के लिए काफी शुभ रहा। धीमी गति से चल रही वाहनों की खरीद को जीएसटी की दरों में बदलाव की बूस्टर डोज मिली। शारदीय नवरात्र, धनतेरस, दीपावली और अन्य अवसरों पर लोगों ने कार और दो पहिया वाहनों की रिकार्ड खरीद की। वर्ष 2024 की अपेक्षा 2025 में पांच से छह हजार वाहन अधिक खरीदे गए। इसमें सीएनजी गाड़ियों की मांग के साथ ही ईवी वाहनों की संख्या भी बढ़ी है। त्योहारी सीजन में खरीदारों ने रिकॉर्ड तोड़ा है। नववर्ष, धनतेरस और दीपावली पर लोगों ने एडवांस बुकिंग कराकर वाहनों को खरीदा। नए वर्ष के पहले दिन पर खरीद के लिए एडवांस बुकिंग की गई थी। शुक्रवार को भी शोरूम पर खरीदारों की भीड़ नजर आई।
वर्ष 2024 में खरीदे गए वाहन
21821 दोपहिया वाहन खरीदे गए।
2075 चारपहिया वाहनों की खरीद हुई।
1900 ई-रिक्शों का पंजीकरण कराया गया था।
वर्ष 2025 में इतने वाहनों की हुई बिक्री
24,668 दोपहिया वाहन खरीदे गए।
2328 चारपहिया वाहनों का पंजीकरण कराया गया।
2761 ई-रिक्शों की बिक्री विभागीय आंकड़ों में दर्ज है।
नए साल के पहले दिन बिके 207 दोपहिया वाहन
नए वर्ष के पहले दिन जिले में 207 दोपहिया वाहन खरीदे गए। 47 कारों की बिक्री हुई। इनकी बुकिंग पूर्व में ही कराई गई थी। तीन ई-रिक्शों का पंजीकरण भी कराया गया है। शहर के कार और दो पहिया वाहन व्यापारियों के अनुसार जीएसटी की दर कम होने से वाहन कारोबार को लाभ हुआ है।