पीलीभीत। सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान की मदद से जिले के 868 युवा उद्यमी बने हैं। इन युवाओं को स्वरोजगार इकाई स्थापित करने को अलग-अलग बैंकों ने ब्याज मुक्त ऋण मुहैया कराया है। युवा खुद के साथ दूसरों को भी रोजगार दे रहे हैं।
युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान योजना संचालित की है। इसमें युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण मुहैया कराया जाता है। युवाओं को सिर्फ मूलधन चुकाना होगा, ब्याज नहीं देना है। इसके अलावा सब्सिडी भी मिलती है। योजना का लाभ लेने वाले की उम्र 18 से 40 वर्ष होनी चाहिए। कक्षा आठ तक की शिक्षा होनी चाहिए। वित्तीय वर्ष 2025– 26 में जिले को 1700 युवा उद्यमी बनाने का लक्ष्य मिला है। अब तक 868 आवेदकों को उद्यम के लिए ऋण मिल चुका है। अधिकतर ने अपना उद्यम भी शुरू कर दिया है। जिला उपयुक्त उद्योग मुकेश कुमार ने बताया कि बैंकों की ओर से 981 आवेदनों को स्वीकृति मिल चुकी है। 868 को ऋण वितरित किया जा चुका है। अन्य आवेदनों पर भी जल्द ही स्वीकृति मिलने की बात कही जा रही है।
बैंकों को भेजे 3425 आवेदन
सीएम युवा विकास अभियान का लाभ लेने को 4089 युवाओं ने आवेदन किया है। इनमें से 3425 आवेदन अलग-अलग बैंकों को भेजे हैं। आवेदन पत्रों की जांच के बाद 981 आवेदकों को ऋण स्वीकृत किया है। ऋण वितरण भी किया जा रहा है। उपायुक्त उद्योग ने जिले के युवाओं से योजना का लाभ लेकर खुद का स्वरोजगार स्थापित करने की अपील की है।