दो बेटियों की शादी
घटना शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। कस्बा खीरी टाउन के मोहल्ला पट्टी रामदास निवासी मोइन की दो बेटियों की शादी की रस्में हो रही थीं। दोनों की बरात जिला पीलीभीत के भिखारीपुर, सुनगढ़ी से आने वाली थी। जनाती, बरातियों के इंतजार में थे कि तभी हादसे की खबर मिली।
बस में थे 40 बराती
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में करीब 40 बराती मौजूद थे। बरातियों से भरी बस जैसे ही रामापुर मार्ग से खीरी टाउन पहुंची, इसी दौरान कस्बा खीरी के बाहर पुलिया के पास हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। इससे बस में करंट उतर आया। इस दौरान बस में चीख पुकार मच गई।
ये लोग हैं घायल
घटना के दौरान किसी तरह बरातियों को नीचे उतरा गया। वहीं आस-पास के लोग बरातियों को बचाने की कवायद में जुट गए। पुलिस के मुताबिक कुछ बरातियों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहीं आठ लोग जिला अस्पताल पहुंचे। झुलसे लोगों में अमजद हुसैन (51), शायरा बानो (48), शायदा बेगम (60), अनाबिया (7), सानिया (20), इशरत (30), चालक ताहिर व मोहम्मद शादमान (12) शामिल हैं। इनमें से किसी का हाथ झुलसा तो किसी का पैर झुलस गया। सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है।
पहुंचा पुलिस अमला
घटना के बाद मौके पर एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एसडीएम सदर अश्वनी कुमार, सीओ ससी विवेक तिवारी के अलावा आस-पास के थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। इस बीच अधिकारियों ने बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर हंगामा कर रहे लोगों को किसी तरह शांत कराया।