पूरनपुर। सराफा व्यापारी ने 23 कैरेट सोने के बताकर नकली आभूषण थमा दिए। शिकायत करने पर व्यापारी ने ग्राहक को दो-दो लाख के दो चेक देकर रुपये देने के लिए दो दिन का समय मांगा। चेक लेकर पहुंचे ग्राहक से अभद्रता कर धमकाया गया। मामले की पुलिस को तहरीर दी गई।
गांव जादौपुर गहलुइया निवासी इरफान बेग ने बताया कि उसका सितंबर 2024 में निकाह हुआ था। शादी में उसने मोहल्ला चौक के सराफा व्यापारी से छह तोला सोने के जेवरात 3.66 लाख रुपये नकद देकर खरीदे थे। सराफा व्यापारी ने जेवरात 23 कैरेट के होने की जानकारी दी थी।
30 जनवरी 2024 को रुपयों की जरूरत होने पर जब वह जेवरात नगर में अन्य सराफा व्यापारी की दुकान पर गिरवी डालने गया, तो जेवरात नकली होने की जानकारी हुई। सराफा व्यापारी ने जब पुलिस बुलाने की बात कही तो उसने पूरा मामला बताया।
इसके बाद उसने पुलिस को शिकायतीपत्र दिया। पुलिस ने आरोपी सराफा व्यापारी को चौकी में बुलाया। तब व्यापारी ने रुपये वापस करने का आश्वासन दिया और दो-दो लाख रुपये के दो चेक यह कहते हुए दिए कि जब नकद रुपये दे देगा तब चेक उसे वापस कर दिए जाएं।
इरफान बेग का आरोप है कि इसके बाद सराफा व्यापारी चेक के बदलने रुपये देने के लिए टरकाता रहा। रविवार को उसकी दुकान पर चेक लेकर पहुंचने पर उसने अभद्रता कर धमकाया। इरफान ने बताया कि इसकी जानकारी उसने सराफा व्यापारी संगठन के अध्यक्ष को दी।
अध्यक्ष ने उक्त व्यापारी से संगठन का कोई वास्ता न होने की जानकारी दी। इरफान ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल ने मामले की जांच नगर चौकी इंचार्ज सौरभ कुमार को दी है। कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।