रामलीला में दुकान के लिए जमीन न देने से नाराज एक दुकानदार ने मेला कमेटी
प्रबंधक व सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल की पिटाई कर
दी। इस पर गुस्साए सर्राफा व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। पुलिस ने
आरोपी दुकानदार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला बाजार कटरा
निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह 9.30 बजे वह मंडी में
सब्जी खरीदने गए थे। वहां पहले से मौजूद मोहल्ला ग्यासपुर निवासी मेवान
अहमद रामलीला मेले में दुकान लगाने के लिए जमीन न देने का आरोप लगाकर झगड़ा
करने लगा। उन्होंने शांत करने की काफी कोशिश की, लेकिन मेवान नहीं माना और
गालियां देने लगा। विरोध करने पर मारपीट की, कपड़े फाड़ डाले और जान से
मारने की धमकी दी। इसकी सूचना मिलने पर गुस्साए सर्राफा व्यापारियों ने
घटना के विरोध में दुकानें बंद कर दीं और इकट्ठे होकर कृष्ण कुमार के साथ
कोतवाली गए। थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि कृष्ण कुमार की तहरीर पर
मेवान अहमद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।