एक कॉलोनी में पक्के निर्माण को ढहाता बुलडोजर। संवाद
पीलीभीत। शहर के करीब से गुजरे नए बाइपास के नजदीक माधोटांडा मार्ग के किनारे बिना नक्शा और नियमों की अनदेखी कर डेढ़ हेक्टेयर में बनाई जा रहीं दो काॅलोनियों पर मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। अवैध तरीके से भरी गई नींव और अन्य निर्माण सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर की मौजूदगी में ढहा दिया गया। शहर में आठ अन्य स्थानों पर साढ़े आठ हेक्टेयर क्षेत्र में हुआ अवैध निर्माण भी प्रशासन ने जल्द ढहाने की बात कही है। इनमें से पांच निर्माण माधोटांडा मार्ग के करीब ही हैं।
नए बाइपास के ग्रीन जोन, माधोटांडा मार्ग और अन्य स्थानों पर मनमाने तरीके से कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। इनके लिए न तो नक्शा ही पास कराया गया है और न ही अन्य नियम पूरे किए जा रहे हैं। अवैध रूप से बन रहीं इन काॅलोनियों की शिकायतों पर पूर्व में सिटी मजिस्ट्रेट की ओर से करीब 16 नोटिस भी जारी किए गए थे। निर्माण न हटाने पर अतिक्रमण ढहाने की चेतावनी भी दी जा चुकी है। इसके बाद भी काॅलोनाइजर बेपरवाह हैं। विनियमित क्षेत्र के अफसरों की जांच में आठ से अधिक स्थानों पर अवैध निर्माण की बात सामने आई है।
मंगलवार दोपहर सिटी मजिस्ट्रेट, सुनगढ़ी प्रभारी नरेश त्यागी और पुलिस बल की मौजूदगी में विनियमित क्षेत्र की टीम ने माधोटांडा मार्ग से लगी दो कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। कई प्लाॅटों की नींव को तोड़ दिया गया। इस कार्रवाई को देख आसपास प्लाॅटिंग कर रहे कॉलोनाइजर खिसक गए। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि दोनों कॉलोनियां बेनाम थीं, जो बिना मानक के विकसित की जा रही थीं। इस दौरान विनिमयत क्षेत्र के जेई कृष्ण चंद्रा, कानूनगो ओमप्रकाश आदि मौजूद रहे।
बाइपास के ग्रीन जोन के निर्माण पर भी प्रशासन सख्त
शहर के करीब से गुजरे पूरनपुर हाईवे को टनकपुर मार्ग से जोड़ने वाले नए बाइपास के ग्रीन जोन में भी निर्माण कराया गया है। करीब दो माह पूर्व करीब 20 लोगों को नोटिस भी जारी किए गए थे। ग्रीन जोन में सड़क के दोनों ओर 30-30 मीटर के निर्धारित दायरे में पक्का निर्माण कराने पर रोक है। इसके बाद भी कई स्थानों पर दुकानों-मकान का निर्माण हो गया। माधोटांडा मार्ग से बाइपास पर मुड़ते ही कोने पर भी नियमों की अनदेखी कर निर्माण कराया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने बताया कि ग्रीन जोन के निर्माण को भी चिह्नित किया गया है। संवाद
एक कॉलोनी में पक्के निर्माण को ढहाता बुलडोजर। संवाद