पीलीभीत। राष्ट्रीय ग्राम स्वरोजगार अभियान के तहत जिले में आठ वृहद पंचायत भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इसमें बड़े हॉल सहित आठ कक्ष और अन्य सुविधाएं होंगी। इसको लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी ने एडीओ पंचायत और सचिवों से प्रस्ताव मांगे हैं। प्रस्ताव आते ही ग्राम पंचायत के खातोंं में निर्माण के लिए 17 लाख रुपये की धनराशि भेज दी जाएगी।
शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय ग्राम स्वरोजगार अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में बनने वाले पंचायत भवनों की क्षमता में बढ़ोत्तरी की जा रही है। अब आठ कक्षों वाले वृहद पंचायत भवन बनाने के निर्देश शासन की ओर से दिए गए हैं। इनमें ग्राम प्रधान कक्ष, पंचायत सचिव कक्ष और ग्रामीणों के बैठने की व्यवस्था होगी। सभा के लिए बड़ा हॉल भी बनाया जाएगा। अभी तक जिले की 720 ग्राम पंचायतों में करीब 688 गांवों में इनका निर्माण हो चुका है।
इसमें प्रत्येक पंचायत भवन 17 लाख रुपये की लागत से बनाया जाएगा। इसके लिए एडीओ पंचायत और बीडीओ से प्रस्ताव मांगा गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि वृहद पंचायत भवन केवल उन्हीं ग्राम पंचायतों में बनेंगे, जहां पहले से ही जमीन उपलब्ध है और वहां पंचायत भवन नहीं बना है।