पीलीभीत। प्रदेश सरकार बुधवार को अपना बजट पेश करेगी। इस बजट से जिले के पर्यटन विकास को काफी उम्मीदें हैं। ईको टूरिज्म को लेकर घोषणा हो सकती है। युवाओं को स्वरोजगार और व्यापारियों को राहत की उम्मीद है। मुख्यमंत्री सीएम उद्यमी विकास अभियान से युवा अपनी स्वरोजगार इकाई स्थापित कर सकते हैं। साथ ही जिले के संचालित छोटे उद्योगों को बढ़ावा मिलने की आस है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बेहतर की उम्मीद जताई जा रही है। जन प्रतिनिधियों को उनकी ओर से दिए गए प्रस्तावों पर स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। जिले के परिवहन को भी गति मिल सकती है।
1700 का लक्ष्य, एक हजार को मिल चुका लाभ
सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान से जिले को 1700 इकाई का लक्ष्य मिला है। अब तक करीब एक हजार युवाओं को योजना का लाभ मिल चुका है। जिले के युवाओं को इस योजना का लक्ष्य बढ़ने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का लक्ष्य भी बढ़ सकता है।
पर्यटन से बढ़ेगा रोजगार, बजट में हो सकता है पीटीआर
राज्य के बजट से जिले के पर्यटन को रफ्तार मिलने की उम्मीद है। पीलीभीत टाइगर रिजर्व में ईको टूरिज्म के लेकर कुछ न कुछ घोषणा हो सकती है। होम-स्टे और अन्य सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है। पीटीआर में बढ़ती सैलानियों की संख्या से भी पर्यटन की संभावनाएं और बढ़ गई हैं। इसके अलावा पीलीभीत टाइगर रिजर्व जाने वाली सड़कों की दशा में सुधार को लेकर भी घोषणा हो सकती है। संवाद -
सरकारी विभागों में काफी जगह खाली है। आने वाले राज्य बजट में सरकारी विभागों में नौकरियां मिलने की उम्मीद है। इससे युवाओं को राहत मिलेगी।-शुभम चौधरी
राज्य बजट में जिले के छोटे उद्यामियों को राहत मिलने के उम्मीद है। साथ ही रोजगार को लेकर बेहतर विकल्पों को खोला जाएगा। - मोहम्मद अजीम।
राज्य के बजट से व्यापारियों को काफी उम्मीदें हैं। व्यापारी सुरक्षा के संबंध में प्राविधान किया जा सकता है। व्यापारियों को राहत देने के लिए भी कुछ घोषणाएं हो सकती हैं। जिले की परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाए जाने पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।- अंशुल अग्रवाल, व्यापारी
जिले में खस्ताहाल सड़कों के सुधार के लिए बजट से काफी उम्मीदें हैं। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाए जाने पर भी ध्यान देना चाहिए। बजट से जिले के युवा वर्ग को बेहतरी की उम्मीद है।- आशीष कुमार, एडवोकेट