बीएसए समेत जिले भर के खंड शिक्षा अधिकारियों ने ब्लाक क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों में छापेमारी की। इस दौरान दो स्कूल बंद मिले, जबकि 18 शिक्षक शिक्षिकाएं गैरहाजिर पाए गए। बीएसए ने सभी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। बीएसए मसऊद अख्तर अंसारी समेत जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों ने मंगलवार को ब्लाक क्षेत्र के करीब 70 परिषदीय विद्यालयों में छापेमारी की। एक साथ छापेमार कार्रवाई की जानकारी पर शिक्षक शिक्षिकाओं में पूरे दिन हड़कंप मचा रहा। निरीक्षण के बाद बीएसए ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय हरीपुर फुल्हर व बांसखेड़ा बंद पाए गए। इस दौरान विभिन्न स्कूलों में 18 शिक्षक शिक्षिकाएं गैरहाजिर मिले हैं। गैरहाजिर शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि बंद मिले दोनों स्कूलों के स्टाफ का वेतन काटने के साथ इनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।