मतगणना और होली को लेकर सतर्क रहें अफसर
मतगणना और होली सकुशल संपन्न कराने के लिए कमिश्नर और डीआईजी ने मातहतों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने विवादों की जानकारी कर विवादित क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। मंगलवार शाम कमिश्नर प्रमांशु कुमार व डीआईजी आशुतोष कुमार पीलीभीत पहुंचे। इसके बाद गांधी सभागार में प्रशासन और पुलिस अफसरों व समस्त थाना प्रभारियों संग बैठक की। इसमें मतगणना के दूसरे दिन होली पर्व पडने पर अलर्ट रहने को कहा गया। उन्होंने कहा कि मतगणना के दिन भी जुलूस आतिशबाजी आदि को लेकर सख्ती से निपटा जाए। किसी तरह का कोई विवाद नहीं होना चाहिए। इसके अलावा सुरक्षा को लेकर होली के दिन भी सख्ती करें। जिन इलाकों में पहले से विवाद चल रहे हैं, वहां अतिरिक्त फोर्स तैनात की जाए। इस दौरान खुफिया तंत्र को भी सक्रिय रहने के सख्त दिशा निर्देश दिए गए हैं। बैठक में जिले के सभी प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।