बरखेड़ा। शादी के बाद बहन की विदाई कराने की घर में चल रही तैयारियों के बीच शुक्रवार को सड़क हादसे में भाई की मौत हो गई। सूचना पर परिजन बदहवास हो गए। हादसे के बाद घर में मातम छा गया। बहन की विदाई कराने के लिए भी कोई नहीं जा सका। लोगों के अनुसार, युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
गांव नगरा फिजां निवासी मृतक के बड़े भाई मुकेश ने बताया कि छोटा भाई विनोद शर्मा (32) उत्तराखंड के देहरादून में स्थित एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। 24 जून को बहन निशा की शादी में शामिल होने के लिए वह चार दिन पूर्व ही घर आया था। शुक्रवार को बहन की विदाई कराने के लिए उसके ससुराल बीसलपुर क्षेत्र के भगवंतापुर जाना था। घर में इसकी तैयारियां चल रही थीं। सुबह करीब 10 बजे विनोद अपने ममेरे भाई विकास के साथ बाइक से पड़ोस के गांव पैनिया रामकिशन घरेलू सामान लेने गया था। वापस लौटते समय उसी गांव के समीप ईंट भट्ठे के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अपनी गाड़ी से सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। विनोद की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी आरती और पिता झांझन लाल बदहवास हो गए। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके दो बच्चे विवेक (10 ) और राज (7 ) हैं।
सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने से हादसा होने की बात सामने आई है। संवाद
-