दो दिन पहले भट्ठे पर की गई थी सैंपलिंग
स्वास्थ्य विभाग ने होम आइसोलेट कर शुरू की निगरानी
पीलीभीत। जिले में सैंपलिंग बढ़ने के बाद कोरोना केस की संख्या में भी इजाफा होने लगा है। सोमवार को अमरिया क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर में कोरोना की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मजदूर की स्थिति को परखने के बाद होम आइसोलेट कर निगरानी शुरू कर दी है।
कोरोना को लेकर सतर्कता बरतने के बाद जनपद में सैंपलिंग का दायरा बढ़ा दिया गया। जनपद के बॉर्डर क्षेत्रों में विशेष नजर रखी जा रही है। दो दिन पूर्व अमरिया सीएचसी की फील्ड टीम ने क्षेत्र में स्थित एक ईंट भट्ठे पर पहुंचकर कर्मचारियों और मजदूरों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए थे। सोमवार को उसकी रिपोर्ट आई तो अमरिया के गांव तूमादिया निवासी मजदूर में कोरोना की पुष्टि हुई। सीएमओ के निर्देश पर टीम ने मजदूर को ट्रेस किया। उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के भी सैंपल लिए गए हैं। सीएमओ डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि मजदूर में सामान्य सर्दी खांसी के लक्षण मिले हैं। वह लंबे समय से ईंट भट्ठे पर कार्य कर रहा है। संक्रमित को होम आइसोलेट करने के साथ टीम को निगरानी के लिए लगाया गया है। जरूरी दवाएं मुहैया करा दी गई हैं।
परिजन और संपर्क में रह 37 लोगों का लिया गया सैंपल
मजदूर के कोरोना संक्रमित निकले के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर परिजन और आसपास के लोगों का भी कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया। टीम के मुताबिक, करीब 37 लोगों का सैंपल लिया गया है। सभी की स्थिति सामान्य है, रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अब तक तीन केस आए सामने, एक्टिव सिर्फ एक
जनपद में चौथी लहर के बाद अब तक तीन कोरोना केस सामने आए हैं। पहला केस 24 दिसंबर को न्यूरिया के गांव बिथरा निवासी युवक निकला था, जबकि दूसरा केस बीसलपुर सीएचसी आई शाहजहांपुर की महिला निकली थी। महिला की शाहजहांपुर स्वास्थ्य विभाग निगरानी कर रहा है। जबकि न्यूरिया के युवक में कोरोना के लक्षण दूर हो गए। ऐसे में जनपद में अमरिया क्षेत्र में निकला केस ही एक्टिव माना जा रहा है।