लखीमपुर के रहने वाले हैं दोनों ठग, एक ने खुद को बताया था डॉक्टर
पूरनपुर। फार्मेसी कॉलेज में डॉक्टर उपलब्ध कराने का झांसा देकर लखीमपुर के दो लोगों ने करीब आठ लाख रुपये की ठगी कर ली। बाद में डॉक्टर उपलब्ध नहीं कराए। पुलिस ने एसपी के आदेश पर लखीमपुर खीरी के गोकुलपुरी गढ़ी निवासी गोपाल गुप्ता और वहीं के कांशीराम आवास निवासी जितेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
एक फार्मेसी कॉलेज के संचालक ने बताया कि उन्हें अपने यहां डॉक्टर की आवश्यकता थी। इसी परिपेक्ष में 28 फरवरी 2022 को लखीमपुर खीरी के गोकुलपुरी गढ़ी निवासी गोपाल गुप्ता और कांशीराम आवास निवासी जितेश श्रीवास्तव कॉलेज आए। गोपाल गुप्ता ने अपने को एमबीबीएस बताया। अस्पताल के रजिस्ट्रेशन एवं अल्ट्रासाउंड के रजिस्ट्रेशन में डॉक्टर्स उपलब्ध कराने को कहा। दोनों ने बताया कि वह कंसलटेंट हैं, कई जगह डॉक्टर्स उपलब्ध करा चुके हैं। 7.90 लाख रुपये में डील फाइनल हुई। जितेश बोला, कुछ रुपये डॉक्टरों को नकद देने होगे। तभी वे शैक्षिक प्रणाम पत्र जमा करने के लिए देंगे। 28 फरवरी को गोपाल गुप्ता के खाते में 3.50 लाख रुपये और तीन मई के 50 हजार रुपये डाल दिए गए।
गोपाल ने खुद को सर्जन बताते हुए 90 हजार रुपये मासिक तनख्वाह बताई। सर्जन बतौर कार्य करने का एग्रीमेंट किया। बाद में दूसरे चिकित्सक से मिलवाने की बात कहते हुए कॉलेज के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी से मोबाइल पर बात कराई।
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने 3.50 लाख रुपये गोपाल को दिए। कॉलेज के संचालक ने बताया कि कुछ डॉक्टरों के रजिस्ट्रेशन, शपथ पत्र उपलब्ध कराए। इसके बाद डॉक्टरों को बुलाने की बात करने पर आरोपी टाल मटोल करने लगे और बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। बताए गए पते पर आरोपी नहीं मिले। तब उन्हें फर्जीवाडे़ का पता चला। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।