अमरिया। तहसील क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज बारिश और आंधी ने विकराल रूप दिखाया। क्षेत्र के ग्राम भौंनी स्थित अम्बर ब्रिक्स फील्ड की ऊंची चिमनी अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन भट्टा स्वामी को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात कही जा रही है। भट्ठा स्वामी शारोज अंसारी ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे तेज बारिश और तेज हवाओं के बीच अचानक चिमनी धराशायी हो गई। गनीमत रही कि उस समय आसपास कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। चिमनी गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बाद मेें जेसीबी की मदद से चिमनी के स्थान को खाली कराया गया। संवाद