अफसर भले अपराध नियंत्रण के सख्ती के दावे करें, लेकिन बंद मकान और दुकान में चोरी की वारदातों पर लगाम नहीं लग रही है। चोरी के सिलसिले को जारी रखते हुए चोरों ने दियूनीकेसरपुर गांव स्थित जन सुविधा केंद्र को निशाना बनाया। शटर पर लगे ताले तोड़कर भीतर घुसे चोर एक लाख रुपये कीमत का सामान चोरी कर ले गए। तहरीर मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। न्यूरिया थाना क्षेत्र के मंगतपुर गांव निवासी अवधेश कुमार ने बताया कि दियूनीकेसरपुर (कोतवाली) गांव में उसका जन सुविधा केंद्र है। रविवार शाम वह दुकान को ताला लगाकर घर आ गया। देर रात चोरों ने बंद दुकान को निशाने पर ले लिया। शटर में लगा ताला तोड़कर चोर भीतर घुसे। इसके बाद वहां रखा लैपटाप, सोलर पैनल, इन्वर्टर, बैटरा समेत एक लाख कीमत का सामान चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह दुकान पहुंचने पर टूटे ताले और सामान गायब देख पीड़ित के होश उड़ गए। आसपास के लोगों से जानकारी की, लेकिन कुछ पता नहीं लग सका। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर पुलिस को दी। कोतवाल देशपाल सिंह ने बताया कि संबंधित हल्का प्रभारी को मौका मुआयना कर जानकारी करने भेजा है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।