तेज रफ्तार बस ने बरेली की विवाहिता को कुचला, मौत
पीलीभीत रोड पर गांव जसोली के पास सोमवार को बस की टक्कर से बरेली की एक गर्भवती विवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई और उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला बरेली के गांव मुड़िया ज्योति निवासी लालाराम कश्यप ने बताया कि उनकी 25 वर्षीय गर्भवती पत्नी नीरज कुमारी दो दिन पहले बीसलपुर क्षेत्र के गांव जसोली में रहने वाले उनके रिश्तेदार जागनलाल के घर मेहमानी में आई थी। नीरज के साथ उसका दो वर्षीय पुत्र मनोज भी था। नीरज कुमारी सोमवार को सुबह लगभग नौ बजे जसोली के बस स्टैंड पर खड़ी होकर पीलीभीत जाने वाली बस की प्रतीक्षा कर रही थी। पास में उसका पुत्र भी खड़ा था। इसी बीच बीसलपुर से पीलीभीत की ओर जा रही बारातियों भरी तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पास में खड़ा उसका पुत्र मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बस बिजली के पोल से भी टकरा गई। दुर्घटना में पड़ोस में स्थित पुलिया की एक दीवार भी ढह गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया था। बस में बैठे सभी बाराती भी भाग गए। इसी बीच मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई, सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और मृतका के घर वाले भी पहुंच गए। मृतका के पति लालाराम ने कोतवाली में तहरीर दे दी है। हलका दरोगा अजय सिंह ने बताया कि लालाराम की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जिसमें बस के नंबर का उल्लेख किया गया है और उसके चालक को अज्ञात बताया गया है। पुलिस ने शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। इस हादसे से मृतका के घर कोहराम मच गया है। गंभीर रूप से घायल मृतका के पुत्र मनोज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।