असम हाईवे पर गोवंश पकड़ने की सूचना पर पहुंची पुलिस । संवाद
पूरनपुर। गोवंशीय पशुओं से भरी तीन ट्रॉलियां बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रोक लीं। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पशुओं को ट्रॉली में क्रूरता पूर्वक भरे जाने पर लोगों ने नाराजगी व्यक्त की।
शनिवार को बरखेड़ा थाना क्षेत्र से तीन ट्रालियों में पशुओं को भरकर कजरी निरंजनपुर गौशाला पहुंची। गौशाला में पशुओं को न लेने पर चालक उन्हें वापस बरखेड़ा ले जा रहे थे। पूरनपुर खुटार हाईवे पर हरियाली पेट्रोल पंप के पास बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पशुओं को क्रूरता पूर्वक भरे जाने पर नाराजगी जताते हुए ट्रैक्टर ट्रॉलियों को रोक लिया। जानकारी लगते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और उन्होंने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को समझने की कोशिश की, लेकिन हंगामा होता रहा।
ट्राली में दबे पशुओं को कार्यकर्ताओंं ने निकाला। उसके बाद पशु लाए लोगों पर पशु क्रूरता की रिपोर्ट दर्ज कराने की जिद पर अड़ गए। पशुओं से भरी तीनों ट्रालियों को असम हाईवे के सिरसा चौराहे के पास हरीेबाबू के प्लाट में ले जाया। गया जानकारी लगते ही कोतवाल जगत सिंह भी पहुंच गए और उन्होंने भी कार्यकर्ताओं को समझाते हुए ट्राली वापस बरखेड़ा भेजने की बात कही। इस पर कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक होने लगी। जानकारी लगते ही प्लॉट में सैकड़ों लोग पहुंच गए। पशुओं को ट्रालियों में ठूंसकर भरे जाने पर नाराजगी जताई। उसके बाद प्लाट में ही सभी मवेशियों को ट्राली से नीचे उतर कर उनका उपचार कराया गया। कोतवाल जगत सिंह ने बताया कि गोवंश का उपचार कराने के बाद वापस उनको बरखेड़ा भेजा जाएगा।