पीलीभीत। प्लास्टिक उत्पाद में प्रयुक्त पॉलीमर (प्लास्टिक दाने) के बढ़ी कीमतों का असर बोतलबंद पानी पर पड़ा है। गर्मी में पानी की बोतलों की मांग अधिक है, लेकिन आपूर्ति प्रभावित हो गई है। आपूर्ति न होने से एजेंसी संचालक फुटकर व्यापारियों की मांग पूरी नहीं कर पा रहे हैं। इनके दाम भी करीब 10 प्रतिशत बढ़ गए हैं। इसकी वजह उद्योगों को कमर्शियल गैस सिलिंंडर न मिल पाना बताया जा रहा है। हालांकि जिले में इस तरह को उद्योग संचालित नहीं है।
शहर में पांच से दस प्रकार की पानी के ब्रांड की एजेंसी संचालित हैं। वर्तमान में स्थिति यह है कि पानी बोतलों की कंपनी से एजेंसी पर आपूर्ति सुचारु रूप से नहीं हो पा रही। उधर, जैसे-जैसे तापमान बढ़ रहा है, फुटकर व्यापारियों ने बोतलबंद पानी की मांग तेज कर दी है। एजेंसी संचालक अपने ग्राहकों की मांग के बावजूद 25 प्रतिशत ही माल आपूर्ति कर पा रहे हैं। पानी के सीजन में माल खत्म होने से एजेंसी संचालकों की परेशानी बढ़ गई है।
प्लास्टिक उत्पाद में प्रयुक्त पॉलीमर के दाम बढ़ने के बाद कंपनियों ने पानी के बोतलों के दाम भी बढ़ा दिए है। शहर के एक पानी एजेंसी संचालक ने बताया कि पानी के दाम में दस प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो गई है। 48 पीस छोटी बोतल की पेटी 180 से बढ़कर 200 रुपये में बिक रही है। वहीं आधा लीटर पानी के 24 बोतल की पेटी 140 से बढ़कर 150-160 पर पहुंच गई है। वहीं एक लीटर पानी के 12 बोतल की पेटी 105 से बढ़कर 120 हो गई है। खुले बाजार में भी पानी की बोतल पर एक से दो रुपये अधिक लिए जाने लगे हैं।