पूरनपुर क्षेत्र में शुगर फैक्ट्री को देखते उपायुक्त उघोग आत्मदेव शर्मा । स्रोत - उपायुक्त उघोग
पूरनपुर। ग्राम पंचायत चंदिया हजारा में विकास कार्यों में घपलेबाजी की शिकायत पर बृहस्पतिवार को जिला उद्यान अधिकारी बाली शरण चौधरी ने गांव पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। ऐसे में जांच अधिकारी को मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा। जांच में राजनीतिक द्वेष भावना से शिकायत करना पाया गया।
गांव चंदिया हजारा में पूर्व प्रधान पक्ष के कुछ लोगों ने ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में घपलेबाजी की शिकायत डीएम से की थी। डीएम ने जिला उद्यान अधिकारी बाली शरण चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की।
बृहस्पतिवार को जिला उद्यान अधिकारी जांच के लिए गांव पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को बुलाकर जांच शुरू की। एक ग्राम पंचायत सदस्य ने वार्ड में दो पंचायत सदस्य होने पर उसको बैठक आदि में न बुलाने का आरोप लगाया। एक रास्ते पर पहले से हुए काम पर काम दिखाने के आरोप की जांच शुरू हुई। इसी दौरान दोनों पक्ष भिड़ गए।
जांच अधिकारी को इस पर पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में जांच अधिकारी ने जांच की। जांच के दौरान एक सड़क पर पाइप डालने के बाद उसकी गुणवत्ता ठीक नहीं पाई गई। उन्होंने बताया कि जांच में बाकी सब ठीक मिला। राजनीतिक द्वेष भावना से झूठी शिकायत सामने आई। इस पर दोनों पक्षों को तालमेल बनाकर ग्राम पंचायत में विकास में सहयोग को कहा गया। जांच के दौरान ग्राम पंचायत सचिव प्रेम सिंह, प्रधान बासुदेव कुंडू मौजूद रहे।