पीलीभीत। सावन के पहले सोमवार को शहर से लेकर कस्बों और गांवों के शिवालयों में बोल बम के जयकारे गूंजेंगे। कांवड़िये गंगा समेत अन्य पवित्र नदियों के जल से भोलेबाबा का जलाभिषेक करेंगे। मंदिरों में बाबा के अभिषेक की विशेष तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालु और कांवड़ यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो, पुलिस और प्रशासन अलर्ट है। रूट डायवर्जन से लेकर सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं।
शहर के प्राचीन गौरीशंकर में सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ जुटेगी। सैकड़ों की संख्या में कांवड़िये भी बाबा का जलाभिषेक करेंगे। रविवार को भी कई कांवड़िये बाबा के दरबार में पहुंचे और पूजा-अर्चना की। शहर और देहात क्षेत्रों से कई जत्थे गंगाजल जाने के लिए बदायूं के कछला घाट गए हैं। तड़के सुबह भोलेनाथ का गंगा जल से अभिषेक करेंगे। शहर के दूधियानाथ मंदिर, अर्धनारीश्वर, पूरनपुर क्षेत्र के इकोहत्तर नाथ महादेव, बीसलपुर के मठियानाथ और गुलेश्वर नाथ मंदिर में भी भक्तों की भीड़ उमड़ेगी।
मंडी परिसर में कावड़ियों के विश्राम की व्यवस्था, आठ सीसीटीवी कैमरे लगे
शहर के मंडी समिति परिसर में कांवड़ यात्रियों के रुकने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से रविवार को मंडी परिसर टिनशेड में साफ-सफाई, पेयजल आदि की व्यवस्था कराई गई। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर आठ सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। कांवड़ यात्रियों के पेयजल के लिए पानी की टंकी व्यवस्था कराई गई है। साथ मंडी में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बिलगांव व सिद्धेश्वर मंदिर की 10वीं कांवड़ यात्रा का जत्था रवाना
फोटो :
पीलीभीत। रविवार को श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर से 10वीं वार्षिक मोटरसाइकिल कांवड़ यात्रा कछला घाट के लिए रवाना हुई। शहर से सटे बिलगांव से भी कांवड़ियों की डाक कछला घाट के लिए रवाना हुई। कछला जाने वाले कांवड़ियों को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय संगठन मंत्री जितेंद्र कुमार गुप्ता व जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी ने गमछा पहनाकर स्वागत किया। यात्रा में महंत रमन मिश्रा, कपूरी महंत आशीष पांडेय, व्यवस्था प्रमुख स्वतंत्र देवल सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। कांवड़ियों में जगदीश सक्सेना, अवधेश यादव, धर्मेंद्र चौहान, सागर देवल, राहुल शुक्ला, अर्पित शुक्ला, बलराम सिंह, हरदीप सिंह ढिल्लों, प्रकाश पटेल, शिवम, नंद किशोर कश्यप आदि गंगा जल लेने गए हैं। संवाद
डाक कांवड़ के लिए रवाना हुआ जत्था
बिलसंडा/ मझोला। श्रद्धालु बदायूं के कछला घाट से डाक कांवड़ के साथ गंगाजल लाकर भगवान भोले का जलाभिषेक करेंगे। रविवार को बिलसंडा से डाक कांवड़ लाने के लिए भोले के भक्तों के एक जत्थे ने कछला के लिए प्रस्थान किया। इनमें महंत सुनील कश्यप, अंकित राठौर, सचिन राठौर, विशाल राठौर आदि शामिल रहे। वहीं मझोला के गांव गिद्धौर से एक जत्था कछला के लिए रवाना हुआ है। संवाद
सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, कांवड़ियों के जत्थों के साथ रहेगी पुलिस
पीलीभीत। सावन के पहले सोमवार को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सीसीटीवी कैमरों से मंदिरों की निगरानी की जाएगी। मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग लगवाई गई हैं। भीड़ पर नियंत्रण के लिए मंदिर में 25 वालंटियर भी लगाए गए हैं। गौरीशंकर मंदिर के अलावा दूधियानाथ मंदिर व अर्द्ध नारीश्वर मंदिर में भी श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचेंगे। पुलिस ने व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए गौरीशंकर मंदिर व दूधियानाथ मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। इसके अलावा रविवार रात से ही मंदिरों और शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस की डयूटी लगा दी गई है। बरेली की ओर से डाक कांवड़ लाने वाले श्रद्धालु शहर के टाइगर तिराहे से ईदगाह रेलवे क्रॉसिंग, जाटों वाले चौराहे, ड्रमंडगंज चौराहा, चौक बाजार होकर आयुर्वेदिक कॉलेज चौराहे से गौरीशंकर मंदिर की ओर रवाना होंगे। इसके अलावा मंडी समिति में रुकने वाले कांवड़ियों का जत्था रामलीला रेलवे क्रॉसिंग से डिग्री कॉलेज चौराहा, नौगवां और दूधियानाथ मंदिर मार्ग होकर जाटों वाले चौराहे से जेपी मार्ग से मंदिर की ओर जा सकेगा। संवाद
15 स्थानों पर तैनात रहेगा पुलिस फोर्स
एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि शहर के गौरीशंकर मंदिर में आने वाली कांवड़ के मार्ग पर 15 प्वाइंट बनाकर पुलिस फोर्स तैनात की गई है। कांवड़ जत्थे के साथ पुलिस मौजूद रहेगी। थाना पुलिस के अलावा क्यूआरटी व पीआरवी वाहन भी सक्रिय रहेंगे।
-
रूट डायवर्जन बेअसर, वाहनों का बेरोक-टोक प्रवेश
पीलीभीत। सुबह छह बजे से लागू रूट डायवर्जन और वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रविवार को नजर नहीं आया। रोक के बाद भी नौगवां चौराहे से बस व वैन का संचालन हो रहा है। असम चौराहे पर भी रूट डायवर्जन को लेकर कोई खास सक्रियता नजर नहीं आई।
कांवड़ यात्रा को लेकर शहर के नौगवां चौराहे से ईदगाह रेलवे क्राॅसिंग की ओर जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई थी। रविवार दोपहर 12:16 बजे रोडवेज की अनुबंधित बस चौराहे पर पहुंचीं और सवारियां को बिठाया गया। पुलिस कर्मी के कहने पर चालक बस को लेकर आगे चला गया।
वहीं, नौगवां चौराहे से ही बरेली के लिए वैन का संचालन होता है। दोपहर 12:18 बजे ईदगाह रेलवे क्राॅसिंग की ओर जाने वाले मार्ग पर एक निजी अस्पताल के बाहर ईको चालक सवारियों को बैठाता दिखा। चौराहे पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसे टोकना भी जरूरी नहीं समझा।
इसी चौराहे से टनकपुर की ओर जाने के लिए भी बसें मिलती है। रविवार दोपहर 12:20 बजे टनकपुर जाने वाले मार्ग पर दोनों ओर रोडवेज खड़ी दिखाई दी। बस चालक भी यहां पर सवारियों का इंतजार करते दिखे। रविवार दोपहर करीब 01:05 बजे असम चौराहे पर बरेली जाने के लिए दो रोडवेज बसें खड़ी थीं। साथ ही निजी बस में भी सवारियों को बिठाया जा रहा था। चौराहे पर ओवरब्रिज के काम के चलते कई बार जाम की स्थिति बनी। यहां पर कोई ट्रैफिक पुलिस कर्मी नहीं दिखे। संवाद
मोटरसाईकिल से कछला घाट के लिए रवाना होते बिलगांव के श्रद्धालु। संवाद