- सबसे अधिक बिलसंडा नगर पंचायत से सदस्यों के आरक्षण को लेकर आईं 97 आपत्तियां
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। निकाय चुनाव को लेकर अध्यक्षों और सभासदों के पद के लिए आरक्षण जारी होने के बाद जिले की नगर निकायों और नगर पंचायतों से 110 आपत्तियां आईं। इसमें सबसे अधिक बिलसंडा नगर पंचायत से सभासदों के आरक्षण को लेकर 97 आपत्तियां रहीं। जातिगत आधार पर आरक्षण में कई लोगों ने बदलाव की मांग की। सभी की जांच कर निस्तारण कर दिया गया। आख्या शासन को भेजी गई है।
शासन की ओर से बृहस्पतिवार को आपत्तियों को लेकर अंतिम मौका दिया गया था। इसमें लोगों ने वार्ड में जारी आरक्षण को लेकर अपनी आपत्ति को दिया था। कई ने जातिगत आधार पर आरक्षण में बदलाव करने की बात कही तो किसी ने आबादी के लिहाज से बदलाव को उचित ठहराया था। एडीएम की मौजूदगी में टीम ने दस्तावेजों की जांच की। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम सिंह गौतम ने बताया कि कुल 110 आपत्तियां तय समय तक आईं। इसमें सबसे अधिक बिलसंडा से वार्ड के आरक्षण को लेकर 97 आपत्ति आईं। सभी आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है। अब कोई आपत्ति शेष नहीं है। निस्तारण करने के बाद आख्या शासन को भेज दी गई है।