पीलीभीत। अरे ये बताइए, आपको गणना प्रपत्र मिला या नहीं। गणना प्रपत्र मिल गया तो भरकर जमा कर दिया। कोई समस्या तो नहीं आ रही है। यह सवाल घर का दरवाजा खटखटा कर बीएलओ और पर्यवेक्षण में लगे अफसर-कर्मचारी मतदाताओं से पूछ रहे हैं। जिन घरों के सभी मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा कर दिया है, उन्हें शाबासी दी जा रही है। गणना प्रपत्र लेकर लापता हुए मतदाताओं को तलाशा जा रहा है।
जिले में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान का काम अंतिम दौर में है। 91 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष काम को जल्द पूरा करने की कवायद चल रही है। मृतक और पूरी तरह से बाहर रहने वाले मतदाताओं का आंकड़ा भी जुटाया जा रहा है। इसके साथ ही बीएलओ, कर्मचारी और जिला स्तरीय अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना प्रपत्र मिलने और भरकर जमा करने की जानकारी ले रहे हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रसून द्विवेदी ने बताया कि 91 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। घर-घर जाकर सत्यापन कराया जा रहा है।
मतदाताओं के घर-घर जा रही सात टीमें
बीसलपुर। नगर क्षेत्र में एसआईआर के सत्यापन में बुधवार से सात टीमें लगाई गईं हैं। एसडीएम नागेंद्र पांडे ने बताया कि टीम में शामिल लोग घर-घर जाकर गणना प्रपत्र मिलने और भरकर जमा करने की स्थिति का पता लगा रहे हैं। एसडीएम ने दुबे प्राथमिक विद्यालय और तहसीलदार हबीबउर रहमान ने नवीन दुबे प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर एसआईआर के कार्य का निरीक्षण किया। खंड विकास अधिकारी सर्वेश कुमार ने गांव मीरपुर वाहनपुर और रिछोला सबल में एसआईआर के कार्य का निरीक्षण किया। पता चला कि मीरपुर वाहनपुर के 126 और रिछोला सबलपुर के 115 मतदाता बाहर के ईंट भट्टों पर मजदूरी कर रहे हैं। संवाद
मतदाताओं की टालमटोल ने थामी रफ्तार
न्यूरिया। नगर क्षेत्र के चार बूथ अब भी बीएलओ के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। नगर में बांटे गए 15,566 प्रपत्रों में से 14,491 यानी लगभग 94 प्रतिशत प्रपत्र पोर्टल पर अपलोड हो चुके हैं। कुल 16 बूथों में से 12 बूथों पर कार्य पूर्ण हो गया। बूथ संख्या 196, 197, 198 और 203 में कई मतदाता लापरवाही बरत रहे हैं। कुछ लोग मायके जाने या वर्ष 2003 की पुरानी सूची में पूर्वजों का नाम न मिलने जैसे कारण बता रहे। संवाद
बीएलओ को परेशान कर रहे घरों में लटकते ताले
पूनरपुर। एसआईआर का काम अंतिम चरण में है। पूरनपुर देहात के बीएलओ घरों में लटकते मिल रहे तालों और उन परिवारों के बारे में सही जानकारी न मिलने से परेशान हैं। भाग संख्या 269 मोहल्ला रजागंज देहात में 408 वोटरों के घरों पर ताले लगा होने और उनकी जानकारी पडोसियों से भी न मिलने पर बीएलओ चक्कर लगा रहे हैं। पूरनपुर देहात के कई मोहल्ले ऐसे हैं, जिनमें अधिकांश परिवार मजदूरी को हरियाणा, रास्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब आदि प्रदेशों में परिवारों के साथ घरों में ताला डालकर गए हैं। ब्लाॅक कार्यालय परिसर में पूरनपुर देहात के एसआईआर कार्य के लिए लगातार शिविर लगाया जा रहा है। नायब तहसीलदार अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि बंद घर मिलने की समस्या कुछ मोहल्लों में है। ऐसे लोगों के बारे में ग्राम पंचायत सदस्य, नगर पालिका सदस्य, प्रधान, पूर्व प्रधान आदि से जानकारी कराई जा रही है। उधर, एडीएम प्रसून द्विवेदी ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय में एसआईआर के कार्य की समीक्षा की। संवाद
घर-घर पहुंच रहे कर्मचारी, जमा करा रहे गणना प्रपत्र
बिलसंडा। एसआईआर का कार्य अंतिम चरण में है। मतदाताओं से गणना प्रपत्र मिलने और जमा करने की जानकारी जुटाने के लिए कर्मचारियों ने घर-घर जाना शुरू कर दिया। नगर में कुल 12,860 मतदाता है। अब तक 60 प्रतिशत ही कार्य हो सका है। खंड शिक्षा अधिकारी शिवशंकर मौर्या ने बताया कि बीएलओ ने जो प्रपत्र बांटे हैं, अधिकांश मतदाताओं ने अभी तक भर कर जमा नहीं किए हैं। इसी कारण घर-घर में बीएलओ जा रहे हैं। संवाद