अमरिया में तहसीलदार को ज्ञापन देते भाकियू कार्यकर्ता । संवाद
अमरिया। बाढ़ पीडितों को मुआवजा और बारिश से खराब नलकूपों की मरम्मत कराने सहित 15 सूत्री मांगों को लेकर भाकियू (चढूनी गुट) ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने समस्याओं का जल्द निस्तारण कराने की मांग की।
तहसीलदार संजय कुमार को सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को शीघ्र उचित मुआवजा दिया जाए। बाढ़ से जिन किसानों के खेतों में रेत आ गई है, उसे बिना शर्त किसानों को बिक्री करने की अनुमति दी जाए। इस वर्ष गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल किया जा। धान की खरीद 25 सितंबर से शुरू की जाए। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सभी फसलों की खरीद की गारंटी के लिए कानून बनाया जाए।
तेलंगाना सरकार की तर्ज पर किसानों को 12,000 प्रति एकड़ वार्षिक सब्सिडी दी जाए, ताकि प्रदेश के किसान विश्व व्यापार संगठन का मुकाबला कर सकें। जिन परिवारों की वार्षिक आय छह लाख रुपये से कम है, उनके मुखिया का 10 लाख रुपये का बीमा कराया जाए। इसके अलावा भी अन्य कई मुद्दे उठाए गए हैं। ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष जसविंदर सिंह ढिल्लों के अलावा कई पदाधिकारी मौजूद रहे।