डर की वजह से मुख्यमंत्रियों को जेल, भ्रष्टाचारियों की एंट्री
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा के 400 पार नारे पर चुटकी ली और कहा कि डर की वजह से दिल्ली व झारखंड के मुख्यमंत्री को जेल भेज दिया। बरेली में किसी माफिया को शामिल कर लिया। महाराष्ट्र में जिन्हें यह भ्रष्टाचारी कहते थे, उसे पार्टी में ले लिया। यूपी में जो इन्हें भला बुरा कहते थे उन्हें साथ ले लिया। उन्होंने नौजवानों से सोशल मीडिया के जरिये इन नेताओं के पुराने वीडियो वायरल करने की भी सलाह दी।
मुंबई नहीं बनाओ, काम करके दिखाओ
भाजपा प्रत्याशी और लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद के मुंंबई बनाने के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि इसको मुंबई मत बनाओ। मुंबई का जो काम होता है, थोड़ा वही करके दिखा दो। उन्होंने कहा कि दूसरे दल से आए हैं और इन्हें बनना था कुछ, मगर बन गए कुछ और। सड़क मंत्री बनते ही घोटाला हुआ।
नोटबंदी से भाजपा ने किया काले-सफेद का इंतजाम
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने कहा था कि नोटबंदी के बाद कोई भ्रष्टाचार नहीं होगा, मगर नोटबंदी और इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम पर इन्होंने काले को सफेद करने का इंतजाम किया। इसी वजह से महंगाई भी बढ़ी है, क्योंकि जिन उद्यमियों से इन्होंने वसूली की है वे अपने नुकसान की भरपाई कीमतें बढ़ाकर कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने भाजपा के दावे की याद दिलाई और कहा कि इन्होंने नारा दिया कि भ्रष्टाचारी नहीं बचेंगे, मगर भ्रष्टाचार को बढ़ाने में भाजपा सबसे आगे है। जिस तरह की वसूली इन लोगों ने की, ऐसी वसूली तो दुनिया में नहीं हुई। जिस कंपनी का कोई कारोबार और मुनाफा नहीं है, उससे वसूली हुई है।
पीलीभीत की जनसभा में अखिलेश ने पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस सरकार में हर पेपर ही लीक हुआ और इससे युवा निराश है। उन्होंने पुलिस को आड़े हाथों लिया और कहा कि खाकी वर्दी पहनने वाली पुलिस कभी कभी कार्यकर्ताओं को डराती है। मगर, भाजपा पुलिस की व्यवस्था में बदलाव करेगी, नौकरी तीन साल की कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पेपर लीक होने से 70 लाख नौजवान घर लौट गए।
अखिलेश ने नाम लिए बिना भाजपा नेता वरुण गांधी और प्रत्याशी जितिन प्रसाद को भी आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने नौजवानों व किसानों की बात उठाई उन्हें पीछे धकेल दिया गया। उन्हें मंच पर भी जगह नहीं मिलती है। जिन्होंने किसान आंदोलन को थार से दबाया, उन्हें आगे कर सम्मान दिया जा रहा है।