पकड़ी गई भाजपा प्रत्याशी की प्रचार सामग्री
बरेली की ओर से आ रही बोलेरो में सचल दल की टीम ने भाजपा के बरखेड़ा सीट से प्रत्याशी किशनलाल राजपूत की प्रचार सामग्री पकड़ी। चेकिंग के दौरान प्रत्याशी द्वारा कोई अनुमति न दिखा पाने पर सुनगढ़ी पुलिस ने कार को सीज कर नामजद मुकदमा दर्ज किया है। आदर्श आचार संहिता का पालन कराने के लिए बनाए गए सचल दल को एक और कामयाबी हाथ लगी। शनिवार देर शाम सचल दल में शामिल एसआई माजिद अली, कांस्टेबल त्रिवेंद्र सिंह, नरेश पाल सिंह अपर जिला सहकारी अधिकारी हरेंद्र सिंह पांगती के नेतृत्व में आसाम चौराहा पर चेकिंग कर रहे थे। इस बीच बरेली की ओर से आ रही भाजपा का झंडा लगी सफेद बोलेरो को पुलिस ने रोक लिया। चेकिंग करने पर कार से भाजपा के बरखेड़ा विधानसभा प्रत्याशी किशनलाल राजपूत की प्रचार सामग्री बरामद हुई। कार चालक ने इसकी अनुमति प्रत्याशी के पास होने की बात कही। इस पर प्रत्याशी को भी मौके पर बुलाया गया, लेकिन वह अनुमति नहीं दिखा सके। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की है। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी हरगोविंद सिंह ने बताया कि एसआई माजिद अली की ओर से भाजपा बरखेड़ा प्रत्याशी किशनलाल राजपूत व उनके कार चालक बिलसंडा के मीरपुर हरायपुर निवासी शिवस्वरुप पुत्र श्रीराम के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रचार सामग्री कब्जे में लेकर कार सीज कर दी गई है।