पीलीभीत। बर्ड फ्लू के अलर्ट के बीच एक बार फिर बिना पंजीकरण अवैध तरीके से अंडा और मांस की बिक्री करने वालों पर भी प्रशासन ने निगाह साधी है। ऐसी दुकानों पर भी सख्ती कराई जाएगी। दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर इन पर कार्रवाई करने के निर्देश एसडीएम को दिए गए हैं। एक केस सामने आने के बाद बर्ड फ्लू को लेकर प्रशासन किसी तरह की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है।
अभी तक मांस और अंडे की बिक्री जहां-तहां दुकान खोलकर की जा रही है। ऐसे में सबसे पहले इसी पर शिकंजा कसा जाएगा। ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके। नियमानुसार दुकान का पंजीकरण होना चाहिए। इसके लिए पहले से ही नियम तय हैं। योगी सरकार बनने के बाद जब इस दिशा में सख्ती की गई थी तो कई दुकानें बंद भी कराई गई थीं। मगर अब दोबारा दुकानों का अंबार लग गया है। पंजीकरण न होने की वजह से यह दुकानें प्रशासन की निगाह में नहीं रहती।
डीएम ने एफएसडीए के अधिकारियों से पंजीकृत दुकानों की सूची तलब की है। इस सूची को तहसीलवार एसडीएम को देकर कार्रवाई कराई जाएगी। डीएम पुलकित खरे ने बताया कि अवैध तरीके से चल रही अंडे और मांस की दुकानों को लेकर एसडीएम को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। दो दिन का विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा गया है। अवैध दुकानों पर कार्रवाई की जाएगी।