पीलीभीत। जिला अस्पताल में बायोप्सी (कैंसर) की जांच की सुविधा शुरू हो गई है। पांच मरीजों के सैंपल भी लिए जा चुके हैं। यह जांच बदायूं मेडिकल कॉलेज के सहयोग से की जा रही है। इसी के साथ थैलेसीमिया की जांच की सुविधा भी जिला अस्पताल में इसी माह से शुरू हो जाएगी।
मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के प्रयास रंग ला रहे हैं। मांस के टुकड़ों से कैंसर की जांच (बायोप्सी) की शुरूआत इस माह से पैथालॉजी विभाग ने शुरू कर दी है। शुरुआत में बदायूं मेडिकल कॉलेज के सहयोग से यह जांच की जा रही है। जांच के लिए पैथालॉजी विभाग को पांच सैंपल भी मिले हैं। हालांकि विभागीय उपकरण के लिए भी शासन से धनराशि मंजूर हो गई है। अभी यह जांच 15-20 दिनों में पूरी हो रही है। इसी के साथ जिला अस्पताल में थैलेसीमिया की जांच की सुुविधा भी इसी माह शुरू होने जा रही है। इसकी तैयारियां भी पूरी हो गई हैं। मेडिकल कॉलेज प्राचार्या डाॅ. संगीता अनेजा ने बताया कि बायोप्सी की जांच की सुविधा जल्द ही पीलीभीत मेडिकल कॉलेज के पास भी होगी। अभी बदायूं मेडिकल कॉलेज के सहयोग से जांच कराई जा रही है। थैलेसीमिया की जांच भी इस माह शुरू हो जाएगी।