बीसलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शोपीस बनी बायो केमिस्ट्री मशीन। संवाद
बीसलपुर। ऑपरेटर न होने के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की लैब की बायो केमिस्ट्री मशीन छह माह से शोपीस बनी है। जांच हो नहीं रहीं। मरीजों को मायूस लौटना पड़ रहा है। विभाग के जिम्मेदार अनजान बने हैं।
करीब छह माह पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाखों रुपये कीमत की बायो केमिस्ट्री मशीन आई थी। इस मशीन से 14 प्रकार की जांचें होनी हैं। मशीन को इंस्टाल करने और संचालन की जानकारी देने के लिए कंपनी की ओर से अब तक ऑपरेटर नहीं भेजा गया है। इस वजह से मशीन का संचालन शुरू नहीं हो सका।
इससे रोजाना विभिन्न प्रकार की जांच कराने के लिए सीएचसी आने वाले सैकड़ों मरीजों को भटकना पड़ रहा है। इस बाबत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वरिष्ठ फार्मासिस्ट शशि भूषण राव ने बताया कि जल्द ही कंपनी का ऑपरेटर आ जाएगा। इसके बाद मशीन का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।