शाहजहांपुर। पीलीभीत जिले के थाना बिलसंडा के गांव रामपुर बसंत निवासी ओमपाल सिंह के 23 वर्षीय पुत्र सर्वेश सिंह की हादसे में मौत हो गई। उनके मामा चिंकू सिंह को चोटें आई हैं। दोनों निगोही से अपने घर लौट रहे थे। घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया।
सर्वेश सिंह अपने मामा चिंकू सिंह के साथ बाइक से निगोही से अपने गांव जा रहे थे। थाना निगोही क्षेत्र के कबीरपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर बाइक में लग गई। हादसे में मामा-भांजे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सर्वेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चिंकू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने घायल को सीएचसी पर भेजा, जहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सर्वेश के परिजन को सूचना दे दी गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।