बरेली रोड पर गोबल गांव के पास रोडवेज बस ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार हाईस्कूल के छात्र राहुल की मौत हो गई। जबकि दूसरा साथी गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर परिवार वालों को सूचना दे दी है। बस चालक हादसे के बाद गाड़ी लेकर भाग निकला। भुता (बरेली) के पृथ्वीपुर गांव निवासी श्रवण कुमार का 18 वर्षीय पुत्र राहुल हाईसकूल का छात्र है। 28 अप्रैल को बड़े भाई श्यामबाबू की शादी है। इसको लेकर मंगलवार को वह गांव के ही प्रमोद (21) के साथ शादी के कार्ड बांटने के लिए बीसलपुर आया था। देर शाम बाइक से दोनों घर के लिए निकले। बाइक राहुल चला रहा था। उसने हेलमेट भी पहन रखा था। बरेली रोड पर गोबल गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। चालक बस लेकर निकल गया। राहगीरों से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भर्ती कराया। जहां राहुल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल प्रमोद की हालत गंभीर बनी हुई है। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया गया है। परिवार वालों को हादसे की सूचना दे दी गई है। इधर बिलसंडा-बीसलपुर मार्ग पर भीकमपुर के पास बोलेरो कार पलट गई। हादसे में बोलेरो सवार चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। जिनको निजी अस्पताल भर्ती कराया गया है।