भाकियू ने भू माफियाओं से कृषि भूमि मुक्त करवाकर किसानों को न दिलवाने के विरोध में तहसील कार्यालय परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांगे शीघ्र पूरी न होने पर बेमियादी धरना प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी है।
भाकियू जिलाध्यक्ष हरीओम गुप्ता के नेतृत्व में तहसील कार्यालय पहुंचे भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना देकर प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर हुई सभा में कहा गया कि भू माफियाओं से भूमि से कब्जा छुड़वाने की मांग सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर एक जुलाई को तहसील परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया था। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा था। ज्ञापन में समस्याओं का समाधान नौ जुलाई तक न होने पर दस जुलाई को फिर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी गई थी। आश्वासन के बाद भी समस्याओं का समाधान न होने पर फिर धरना प्रदर्शन की जरूरत हुई है। उन्होंने कहा कि अब समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होगा तब उग्र आंदोलन होगा। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित नौ सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में भू-माफियाओं के कब्जे से भूमि मुक्त करवाकर किसानों को कब्जा दिलवाने, लाडली योजना में एक लाख रुपये लाभार्थियों को देने, बेरोजगारों को पांच हजार रुपये प्रति माह बेरोजगारी भत्ता देने, आवासहीन परिवारों को आवास उपलब्ध कराने, बगैर शर्त के किसानों का ऋण मांफ कराने आदि की मांग की गई। धरना प्रदर्शन करने वालों में हरीओम गौंड, संजीव सरन सक्सेना आदि थे।