भाकियू कार्यकर्ताओं को थाने में जाने से रोकती पुलिस। संवाद
कलीनगर। सीलिंग की जमीन पर कब्जा करने वालों पर एसडीएम के आदेश के बाद भी माधोटांडा पुलिस के कार्रवाई न करने के विरोध में बृहस्पतिवार को भाकियू अराजनीतिक के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया और परिसर में डेढ़ घंटे तक धरना दिया। बाद में एसडीएम के तीन दिन में कार्रवाई के आश्वासन पर वे शांत हुए।
भाकियू अराजनीतिक के जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता माधोटांडा स्थित ग्राम पंचायत में एकत्र हुए। यहां पंचायत करने के बाद सभी जुलूस के रूप में थाना गेट पर पहुंचे। गेट पर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की गई। जानकारी के बाद एसओ अचल कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस के स्तर से कार्रवाई करने का आश्वासन देने लगे, लेकिन पदाधिकारी और कार्यकर्ता सुनने को तैयार नहीं हुए।
इसके बाद कार्यकर्ता थाने में प्रवेश कर परिसर में पहुंच गए और दरी बिछाकर धरना देकर बैठ गए। करीब डेढ़ घंटे तक थाने में धरना दिया गया। इस दौरान पुलिस पर कब्जा करने वालों की मदद करने के आरोप भी लगाए। जानकारी के बाद एसडीएम आशुतोष गुप्ता और तहसीलदार हबीब उर रहमान थाने पहुंचे और विरोध कर रहे लोगों से बातचीत की।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने सीलिंग की जमीन पर कब्जा करने वालों पर कार्रवाई किए जाने की मांग की। अफसरों के निर्देश के बाद एसओ ने कब्जेदारों के खिलाफ नोटिस जारी करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान एसडीएम को पांच सूत्री ज्ञापन भी सौंपा गया। तहसील अध्यक्ष कुलवंत सिंह सोनी, जिला प्रभारी दिनेश कुमार, वरिष्ठ किसान नेता बलवीर सिंह, श्रीपाल सिंह यादव, राम कृपाल, अरविंद यादव आदि मौजूद रहे।
भाकियू कार्यकर्ताओं को थाने में जाने से रोकती पुलिस। संवाद