पीलीभीत। बीएड की प्रवेश परीक्षा एक जून को शहर के तीन केंद्रों पर दो पालियों में कराई जाएगी। स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्रों पर नजर रखेंगे। इसके साथ ही केंद्रों पर मोबाइल फोन समेत अन्य डिवाइस ले जाने पर रोक रहेगी। डिवाइस आदि पाए जाने पर कार्रवाई होगी। इसको लेकर शुक्रवार को डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने गांधी सभागार में बैठक कर जरूरी निर्देश दिए।
एक जून को शहर के तीन परीक्षा केंद्रों पर बीएड की प्रवेश परीक्षा होनी है। प्रवेश परीक्षा दो पालियों में होगी। इसको लेकर डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने शुक्रवार को गांधी सभागार में बैठक की। बैठक में उन्होंने परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक, नामित स्टेटिक्स मजिस्ट्रेट व पर्यवेक्षक को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण परीक्षा से पूर्व ही कर लिया जाए।
इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, पेयजल आदि व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने पर जोर दिया। हकीकत को परखकर कमियां दूर कराने के निर्देश दिए। जिससे परीक्षा में पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को दिक्कत न हो। नामित मजिस्ट्रेट परीक्षा के दिन भ्रमणशील रहेंगे। परीक्षा केंद्र पर कोई भी कर्मचारी बिना आईडी न पाया जाए।
बिना आईडी पाए जाने पर उस पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं केंद्रों पर दिक्क्त मिलने पर केंद्र व्यवस्थापक पर कार्रवाई होगी। परीक्षा के दिन कर्मचारी समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन व डिवाइस आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी। आस-पास स्थित फोटो स्टेट की दुकानें भी बंद रहेंगी।
अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
- सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले अपने परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा।
- परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे।
- अभ्यर्थियों को काला बॉल पेन लाना अनिवार्य होगा, क्योंकि उत्तर पुस्तिकाओं में उत्तर लेखन केवल इसी पेन से किया जाएगा।
बरेली में आठ केंद्रों पर आयोजित की जाएगी परीक्षा
बरेली। यूपी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2025 के के आयोजन को लेकर शुक्रवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय के शोध निदेशालय सभागार में बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि यह परीक्षा बरेली में आठ केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसमें तीन केंद्र बरेली कॉलेज और पांच रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए हैं। रविवार को होने वाली परीक्षा में दो पालियों में 3,767 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रथम पाली सुबह नौ से दोपहर 12 व द्वितीय दोपहर दो से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। इस दौरान प्रो. एसके पांडेय, प्रो. यतेंद्र कुमार, प्रो. मनीषा राव, प्रो. संध्या रानी, प्रो. एलसी साहू, प्रो. एमएल मौर्य, प्रो. आरएस पुंडीर आदि मौजूद रहे। संवाद