पूरनपुर। दहेज में पांच लाख रुपये और चार पहिया वाहन की मांग पूरी न होने पर गांव दिलावरपुर निवासी गर्भवती नीतू को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। सुलह होने पर दोबारा ससुराल पहुंची नीतू का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। घुंघचाई पुलिस ने एसपी के आदेश पर नीतू के पति समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
घुंघचाई थाना के गांव दिलावरपुर निवासी नीतू की शादी दो मई को पूरनपुर नगर के मोहल्ला कायस्थान शांतीपुरम कॉलोनी निवासी शिवशंकर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ससुरालियों ने पांच लाख रुपये और चार पहिया वाहन की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर दो माह का गर्भ होने का बावजूद उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। 21 जून को माता-पिता के साथ पूरनपुर दवाई लेने जाने के दौरान रास्ते में घेरकर गाली-गलौज की। 27 अगस्त को उसके मायके आकर ससुरालियों ने मारपीट की। शिकायत पर समझौता होने पर दोबारा ससुराल पहुंची। आरोप है कि इसके बाद भी ससुरालियों के व्यवहार में बदलाव नहीं हुआ। घुंघचाई पुलिस ने नीतू की ओर से उसके पति शिवशंकर, ससुर राममूर्ति लाल, सास सुशीला देवी, ननद, आरती, अनीता, गंगा, शहजल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।