बीसलपुर। प्राथमिक विद्यालय ढकवारा के सहायक अध्यापक मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी डॉ. गौरव अवस्थी ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराकर बीसलपुर और पीलीभीत का नाम रोशन किया है।
डॉ. गौरव अवस्थी ने बताया कि उन्होंने मात्र 4.48 सेकेंड में अंग्रेजी के ए टू जेड तक अल्फाबेट टच स्क्रीन मोबाइल पर टाइप करके यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने पिछले रिकॉर्ड को 0.09 सेकेंड से पीछे किया है। डॉ. गौरव ने बताया कि उन्हें प्रमाणपत्र प्राप्त हो गया है। डॉ. गौरव सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी दिनेश चंद्र अवस्थी के पुत्र हैं। इस उपलब्धि पर उनके मित्रों, रिश्तेदारों ने उन्हें घर आकर और फोन पर बधाई दी है। उत्तर प्रदेश शैक्षिक महासंघ की स्थानीय इकाई के कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं हैं। यहां बता दें कि डॉ. गौरव अवस्थी महासंघ में स्थानीय इकाई के सदस्य भी हैं। संवाद