भुगतान में फिसड्डी बरखेड़ा की बजाज चीनी मिल ने आखिरकार अधिकारियों की फटकार के बाद भुगतान शुरू कर दिया। मिल प्रबंधन ने दो दिन में किसानों के खातों में आठ करोड़ की धनराशि भेज दी है। जिले की चारों चीनी मिलों में बजाज चीनी मिल भुगतान में सबसे पीछे है। शहर की एलएच शुगर मिल और बीसलपुर व पूरनपुर की सहकारी मिलों ने भुगतान कर दिया था, लेकिन बजाज ने भुगतान शुरू किया था। इस पर प्रशासन ने मिल की चीनी अधिग्रहित कर लिया था। इसके बाद मिल से बिक्री हुई चीनी की धनराशि प्रशासन के अधीन हो गई। प्रशासन की पहल पर अब चीनी मिल ने भुगतान शुरू कर दिया है। जिला गन्ना अधिकारी राजेश्वर यादव ने बताया कि मिल ने 26 और 27 तारीख को मिलाकर लगभग आठ करोड़ का भुगतान किया है। एक दो दिन में और भुगतान किया जाएगा। डीसीओ ने बताया कि सभी मिलों से लगातार भुगतान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।