नोट बंदी से हो रही परेशानियां समय के साथ लोग भले ही भूल जाएं लेकिन काला मंदिर निवासी वृद्ध होरीलाल को जो दर्द शनिवार को मिला वह शायद ही उनके जेहन से जुदा हो। नकदी निकालने को बैंक की लाइन में लगने के दौरान हुई धक्का मुक्की में वह गिर गए, जिससे उनका बायां कूल्हा टूट गया। उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका आपरेशन किया जाएगा।
शहर के काला मंदिर निवासी 65 वर्षीय होरीलाल मंडी समिति में ही एक आढ़त पर काम करते हैं। शनिवार को वह मंडी स्थित इलाहाबाद बैंक से रुपये निकालने गए थे। इसके लिए वह सुबह आठ बजे से ही लाइन में लग गए थे। 10 बजे बैंक खुलने के बाद भुगतान शुरू हुआ। लाइन के वह भी धीरे- धीरे आगे बढ़ रहे थे। इस बीच करीब 10.30 बजे लाइन में हुई धक्का मुक्की में वह गिर गए। अचानक गिरने से वह घायल हो गए। जानकारी होने पर उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां जांच में उनका बायां कूल्हा टूटा पाया गया। होरीलाल के पुत्र रवि के अनुसार डॉक्टर ने कूल्हे के आपेरशन की सलाह दी है। इसके लिए 35 हजार रुपये बताए हैं। घर में नकदी न होने पर ही पिता बैंक से नकदी निकाले गए थे। नकदी मिलने से पहले ही वह घायल हो गए। अब 35 हजार रुपये की व्यवस्था के लिए लोगों से उधार लेने के लिए प्रयास किया जा रहा है। रुपये जुटाकर आपरेशन कराया जाएगा। उधर, बैंक प्रबंधक जितेंद्र चौहान ने बताया कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है।