बीसलपुर। दियोरिया जंगल में पूरनपुर मार्ग पर टूटी पुलिया के निकट बाघ आ जाने से 45 मिनट से अधिक समय तक यातायात बाधित रहा। कार और बाइकें रास्ते में खड़े हो गए। किसी की बाघ के नजदीक से होकर गुजरने की हिम्मत नहीं पड़ी। राहगीर दहशत में रहे। बाद में बाघ खुद ही जंगल की ओर से चला गया। तब यातायात चालू हो सका।
थाना बरखेड़ा क्षेत्र के गांव मूसेपुर निवासी मुनेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार दोपहर 11.30 बजे बाइक से दियोरिया के जंगल से गुजरकर जाने वाले पूरनपुर रोड से घुंघचाई जा रहा था। रास्ते में टूटी पुलिया के पास मार्ग पर बाघ देखकर वह भयभीत हो गया। उसने फुर्ती से अपनी बाइक वापस मोड़ी और कुछ दूरी पर जाकर खड़ा हो गया। बाघ रोड पर पौन घंटे तक बैठा रहा। इस बीच रोड दोनों ओर से जाम हो गया। दोनों ओर से दर्जनों वाहन खड़े हो गए। पौन घंटे बाद जब बाघ जंगल में चला गया, तब यातायात सुचारू हो सका। यात्री अपने गंतव्य को रवाना हुए। वन रेंजर वीके गुप्ता ने भी इस बात की पुष्टि की कि दियोरिया जंगल में टूटी पुलिया के निकट बाघ आ गया था।