बीसलपुर। जिले के अन्य विकास खंडों की तरह इस ब्लॉक क्षेत्र में तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे। इस योजना से ब्लॉक क्षेत्र के लगभग 500 लोग लाभान्वित होंगे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. आलमगीर ने बताया कि इस योजना से ब्लॉक क्षेत्र में तैनात 358 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और 138 आशा कार्यकर्ताओं के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे। कुल मिलाकर लगभग 500 लोग इस योजना से लाभान्वित होंगे। गोल्डन कार्ड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आयुष्मान योजना पटल पर बनाए जाएंगे। गोल्डन कार्ड बनाने का कार्य बुधवार से शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि गोल्डन कार्ड रोजाना सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक बनाए जाएंगे। कार्ड बनवाने के बाद ये लोग जिले के साथ ही पूरे देश के सभी अधिकृत अस्पतालों में इलाज का लाभ उठा सकते हैं। अधीक्षक ने बताया कि इस योजना की जानकारी बाल विकास परियोजना कार्यालय को भेज दी गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात आशा कार्यकर्ताओं को मंगलवार को हुई बैठक में इस योजना की जानकारी दी गई। संवाद