पीलीभीत। धनतेरस और दीपावली को लेकर बाजार सजने लगा है। ग्राहक शोरूम पर पहुंचकर धनतरेस व दीपावली पर डिलीवरी लेने के लिए वाहनों की बुकिंग करा रहे हैं। व्यापारियों के मुताबिक, जीएसटी की दर कम होने से इस बार व्यापार और अच्छा होने की उम्मीद है। इसी का परिणाम है कि अब तक करीब सौ वाहनों की बुकिंग हो चुकी है।
धनतेरस में अभी सात दिन हैं। इस दिन वाहनों की खरीद अधिक होती है, इसका असर अभी से दिखने लगा है। जिला मुख्यालय स्थित कार, बाइक के शोरूम सजने लगे हैं। धनतेरस पर इनकी डिलीवरी के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है। लगभग रोजाना ही लोग वाहनों की बुकिंग कराने के लिए शो रूम पहुंच रहे हैं। ऐसे में कारोबार पिछले साल की अपेक्षा और बेहतर होने की उम्मीद व्यापारी जता रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि पिछले वर्ष की अपेक्षा करीब 25 प्रतिशत व्यापार में बढ़ोत्तरी हुई है।
ग्राहकों को लुभाने के लिए उपहार भी दे रहे व्यापारी
त्योहारी सीजन में ग्राहकों को लुभाने के लिए बाइक व्यापारी ग्राहकों को उपहार भी दे रहे हैं। वहीं कार बाजार में पर्व को लेकर करीब 25 हजार रुपये तक की छूट दी जा रही है। इससे ग्राहकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिल रही है। बता दें कि बाइक बाजार में 55 तो वहीं कार बाजार में 45 कारों की दीपावली व धनतेरस को लेकर बुकिंग की जा चुकी है।
त्योहार को लेकर लोग एडवांस में बुकिंग करा रहे हैं। त्योहार को देखते हुए इस माह करीब 100 से अधिक वाहनों की बिक्री होने की उम्मीद है। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष व्यापार काफी सही हुआ है। हालांकि मौजूदा समय में वाहन बिक्री नाममात्र की ही हो रही है।- शोभित गुप्ता, कार व्यापारी
त्योहार करीब है, इसलिए लोग पर्व पर ही वाहन लेने के लिए बुकिंग करा रहे हैं। करीब 30 वाहनों की बुकिंग की जा चुकी है। त्योहार को देखते हुए व्यापार काफी अच्छा होने की उम्मीद है। ग्राहक भी काफी संख्या में पहुंच रहे है।- सौरभ अग्रवाल, बाइक व्यापारी
शहर के बीसलपुर मार्ग स्थित कार बाजार में ग्राहकों को जानकारी देता कर्मचारी। संवाद
शहर के बीसलपुर मार्ग स्थित कार बाजार में ग्राहकों को जानकारी देता कर्मचारी। संवाद