- विवाहिता की तहरीर पर पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
- माधोटांडा क्षेत्र के जमुनिया खास गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। शादी के 22 साल बीतने के बाद भी पति विवाहिता के साथ अमानवीय व्यवहार करता रहा। 11 मार्च को पहले बाल पकड़कर गिरा दिया। उसके बाद लाठियों से पिटाई की। पांच लाख रुपये की मांग भी करने लगा। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
माधोटांडा क्षेत्र के गांव जमुनिया खास निवासी हेमलता वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2001 में गांव के ही राम लखन के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति उसके साथ मारपीट कर मानसिक प्रताड़ना देने लगा। कुछ समय बाद पुत्र का जन्म हुआ जो अब 15 वर्ष का हो गया, बावजूद इसके पति के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। शराब के नशे में विवाहिता के साथ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करता रहा। पुत्र पर भी कोई रहम नहीं किया।
11 मार्च को पति ने विवाहिता को बाल पकड़कर गिराया, इसके बाद लाठी-डंडों से पिटाई कर जान से मारने की नीयत से गला दबाया। पांच लाख रुपये की मांग करने लगा। चिल्लाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए। किसी तरह से लोगों ने बाद विवाहिता को बचाया। इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर गांव जमुनिया निवासी राम लखन के खिलाफ जानलेवा हमले, दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।