पीलीभीत/जहानाबाद। दहेज में 20 लाख रुपयों की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर हत्या की कोशिश की गई। इतना ही नहीं विवाहिता से जबरन सादे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए गए। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली जहानाबाद क्षेत्र के कटरा बाजार निवासी मुस्कान गुप्ता पुत्री मुकेश गुप्ता ने थाना जहानाबाद पुलिस को तहरीर दी। इसमें कहा गया कि उसका विवाह छह नवंबर 2022 को सचिन गुप्ता पुत्र दीपक गुप्ता निवासी डीडीए जनता फ्लैट्स त्रिलोकपुरी दिल्ली के साथ हुआ था।
आरोप है कि शादी के बाद से उसका पति सचिन गुप्ता, ससुर दीपक गुप्ता, सास अंजू गुप्ता, देवर सागर गुप्ता निवासी त्रिलोकपुरी, मामा विमल जिंदल, मामी सुषमा जिंदल निवासी किलोकरी गांव आश्रम दिल्ली, बुआ सास बीना गुप्ता तथा उनकी पुत्र वधु शीतल निवासी कस्बा व थाना बिलारी जनपद मुरादाबाद, चाचा विशाल गुप्ता निवासी गोविंद पुरी दिल्ली ने दहेज में 20 लाख रुपये की मांग करना शुरू कर दी।
दहेज न लाने पर गला दबाकर उसकी हत्या की कोशिश की गई। 26 अप्रैल 2024 को ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन कुछ सादा कागजों पर हस्ताक्षर करवाकर घर से निकाल दिया। सचिन का दूसरा विवाह करा देने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक जहानाबाद मुकेश शुक्ला ने बताया कि विवेचना की जा रही है।