शोर मचाने पर मां, मौसी और नानी ने लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ा, पुलिस को सौंपा
पूरनपुर। हजारा थाना क्षेत्र में ननिहाल आई नौ वर्षीय किशोरी को एक युवक ने बिस्कुट और चॉकलेट का लालच देकर गन्ने के खेत में ले जाने की कोशिश की। किशोरी के विरोध करने पर आरोपी ने उसके हाथ पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। किशोरी के शोर मचाने पर उसकी मां, मौसी और नानी मौके पर पहुंचीं और लोगों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
लखीमपुर खीरी क्षेत्र की रहने वाली नौ वर्षीय किशोरी रक्षाबंधन पर अपनी मां के साथ हजारा क्षेत्र स्थित ननिहाल आई थी। बताया गया कि ननिहाल के बाहर खड़ी किशोरी को संभल जिले के चंदौली थाना क्षेत्र के पतरौआ निवासी 20 वर्षीय भारत ने बिस्कुट और चॉकलेट दिखाकर गन्ने के खेत की ओर ले जाने की कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को थाने ले गई। सीओ पूरनपुर विधि भूषण मौर्य ने बताया कि किशोरी की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। संवाद