पीलीभीत/बरेली। बरेली मंडल में निवेशकों के करोड़ों रुपये हड़पने वाले बदायूं के मूल निवासी महाठग आरके गोला व एके गोला और उनके साथियों की संपत्ति कुर्क की जाएगी। पीलीभीत क्राइम ब्रांच ने तीन आरोपियों के घरों पर कुर्की से पूर्व कार्रवाई का नोटिस चस्पा किया। अगली बार पुलिस टीम यहां आकर कुर्की की कार्रवाई कर देगी।
रूप किशोर गोला की फाइनेंस कंपनी आईसीएल (इमेज करियर लिमिटेड) ने बरेली मंडल में जगह-जगह कंपनी के दफ्तर खोलकर निवेशकों को जल्द रकम दोगुनी करने जैसे सब्जबाग दिखाए थे। ऐसा करके उसने निवेशकों का कई करोड़ रुपया हड़पा था। प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में जमा की गई पॉलिसी की धनराशि हड़पने वाले गोला गैंग के तीन आरोपियों के घरों की कुर्की की जाएगी। धरपकड़ न होने पर क्राइम ब्रांच की ओर से आरोपियों के बरेली स्थित घरों के बाहर कुर्की नोटिस जारी किए गए हैं।
पीलीभीत में वर्ष 2022 में आईसीएल ग्रुप के संचालक रूप किशोर गोला, निदेशक जीके गुप्ता व निदेशक अवधेश कुमार गोला के खिलाफ प्रवीण कुमार की ओर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की विवेचना क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दी गई। आरोपियों के फरार होने पर पहले सीआरपीसी के तहत नोटिस जारी किए गए, इसके बाद आरोपियों के बरेली स्थित घरों के बाहर कुर्की को लेकर नोटिस चस्पा किए गए। पीलीभीत शहर कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में क्राइम ब्रांच के स्तर से कार्रवाई की जा रही है। बरेली में ही तीनों के घरों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं। इनमें दो आरोपी इज्जतनगर और एक सुभाषनगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
ये था मामला
- मामला पीलीभीत शहर में वर्ष 2022 का है। पीलीभीत कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तुलाराम निवासी प्रवीण कुमार की ओर से डीएम के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। कहा गया था कि उसने इमेज करियर लिमिटेड की नकटादाना चौराहा स्थित शाखा कार्यालय पर 12 सितंबर 2013 को तिमाही जमा योजना के तहत आठ वर्ष का खाता खोला था। इसकी पूर्ण अवधि 12 सितंबर 2021 तक थी। पॉलिसी पूरी होने के बाद 1.92 लाख के भुगतान राशि के संबंध में सभी जरूरी कागज शाखा में जमा कर दिए, लेकिन पॉलिसी की मैच्योरिटी की राशि का भुगतान नहीं मिला। आईसीएल ग्रुप के संचालक रूप किशोर गोला, निदेशक जीके गुप्ता व निदेशक अवधेश कुमार गोला से बरेली की मुख्य शाखा में मिलकर धनराशि के बारे में जानकारी की। वहां भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
कार्रवाई में पिछड़ी प्रेमनगर पुलिस
- धोखाधड़ी मामले में आरके गोला व उसके दो साथी जितेंद्र गुप्ता और दिनेश बरेली जेल में हैं जबकि भाई अवधेश गोला समेत कई आरोपी फरार हैं। पीलीभीत क्राइम ब्रांच ने इन धोखेबाजों की संपत्ति कुर्क करने का नोटिस चस्पा किया है, वहीं प्रेमनगर थाना पुलिस तीन साल से कागजी घोड़े दौड़ा रही है। गोला पर 12 मुकदमे प्रेमनगर में, तीन पीलीभीत व दो बदायूं में दर्ज हैं। एसएसपी अनुराग आर्य की सख्ती के बाद प्रेमनगर पुलिस ने सभी 12 मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट लगा दी गई थी। प्रेमनगर थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि गोला व उसके साथियों की कुर्की के लिए कोर्ट में काफी पहले आवेदन किया गया था। अवकाश के बाद कोर्ट खुलने पर दोबारा से आवेदन किया जाएगा। साथ ही गैंग चार्ट भी तैयार किया गया है।