पीलीभीत। शहर में लंबे समय बाद प्रशासन की मदद से नगरपालिका ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने की हिम्मत दिखाई। तबसे किसी न किसी रोड पर अतिक्रमण लगभग रोजाना हट रहा है। रोस्टर के हिसाब से सोमवार को चावला चौराहा से सुनगढ़ी तिराहे तक अभियान चलाया गया। सिटी मजिस्ट्रेट और ईओ ने अपनी मौजूदगी में नाले नालियों पर बड़े व्यापारियों के द्वारा किए गए अतिक्रमण को जेसीबी मशीन ध्वस्त करा दिया। अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने से त्योहारी बाजार में हड़कंप मच गया।
सोमवार को दोपहर सिटी मजिस्ट्रेट अरूण कुमार और नगरपालिका ईओ निशा मिश्रा के नेतृत्व में चावला चौराहा से सुनगढ़ी तिराहे तक नगरपालिका की टीम के द्वारा अभियान चलाया गया। नगरपालिका टीम ने पहले तो सड़क पर रखे खोखे को हटाने के साथ फुटपॉथ पर बैठे कई दुकानदारों के सामान को हटाया। नाले-नालियों पर किए गए पक्के अतिक्रमण को देखकर जेसीबी मशीन से तुड़वाने के निदेश दिए। कुछ व्यापारियों ने अपनी लाचारी का वास्ता देते हुए अपना अतिक्रमण स्वयं हटाने की गुहार लगाई। कई व्यापारियों की दबंगई दिखाने के चलते अतिक्रमण हटाने को लेकर टीम से झड़प भी हुई। मगर, प्रशासन ने इन बातों को दरकिनारे करते हुए सड़क और नालों पर किए गए अतिक्रमण को पूरी तरह से ध्वस्त कराया। इससे पहलें कोतवाली चौराहा से लेकर चावला चौराहा तक सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने के बाद अतिक्रमणकारियों को नोटिस भेजकर जुर्माना लगाया गया था।
न बाक्स हटा, न ही डाकघर की पेटी
सड़कों के बीचो-बीच लगे सरकारी बीएसएनएल के बॉक्स और डाकघर की पेटी को हटाने को लेकर कोई कदम नही उठाया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के चलते बाजार में जाम की स्थिति बन गई। दुकानदार इधर-उधर भागते नजर आए। ।नगरपालिका की ओर से अतिक्रमणकारियों पर दो-दो हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।
अतिक्रमण अभियान के तीसरेदिन नालों के ऊपर कब्जा ध्वस्त कराया गया। अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों पर दो- दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना जमा न करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
- निशा मिश्रा,ईओ नगरपालिका